बाप रे बाप ! महाराष्ट्र के मंत्रियों की संपत्ति में करोड़ों का उछाल !

178

 

मंत्री लोढ़ा को छोड़कर पिछले पांच वर्षों में सभी मंत्रियों की संपत्ति में भारी वृद्धि

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की सरगर्मियां बढ़ चुकी है। हर उम्मीदवार को अपने चुनावी शपथपत्र में अपनी आय को दर्शाना बंधनकारक है। जनता अपना नेता चुनती है। नेतागण जनता का विकास करते हैं। परंतु बीते 5 सालों में नेताओं ने और खासकर मंत्रियों ने कितना आर्थिक विकास किया है। इसकी एक तस्वीर चुनावी शपथपत्रों के जरिये से जनता के समक्ष आ रही है। जनता का कितना विकास हो पाया है, यह एक विवाद का विषय हो सकता है। परंतु भाजपा-महायुति सरकार के मंत्रियों का आर्थिक विकास करोड़ों में होता हुआ दिखाई पड़ रहा है।

महायुती सरकार के 27 मंत्री इस बार फिर विधानसभा चुनावी मैदान में हैं। इन मंत्रियों द्वारा अपनी उम्मीदवारी के साथ दाखिल की गई संपत्ति के हलफनामे के अनुसार, मुंबई के सबसे बड़े बिल्डर माने जाने वाले मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा की संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में कमी आई है। हालांकि, मुख्यमंत्री समेत अन्य 27 मंत्रियों की संपत्ति में वृद्धि दर्ज की गई है। महायुती के मंत्रियों द्वारा 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों के लिए दाखिल संपत्ति के विवरणों की तुलना के बाद यह स्पष्ट हुआ कि किन मंत्रियों की संपत्ति में कितने प्रतिशत की वृद्धि हुई।

अदिति तटकरे की संपत्ति में सबसे अधिक 771.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2019 में उनके पास केवल 39 लाख रुपये की संपत्ति थी। उनके बाद संजय राठौड़ की संपत्ति में 219.8 प्रतिशत और संजय बनसोडे की संपत्ति में 143.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

मंत्री अदिति तटकरे ने रोहा में 1 करोड़ रुपये मूल्य की 12 एकड़ से अधिक कृषि भूमि और 21 लाख रुपये मूल्य का 75.827 वर्ग फुट का गैर-कृषि भूखंड खरीदा, जिससे उनकी शुद्ध संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में वृद्धि हुई।

सबसे अमीर मंत्री कौन ?  

तानाजी सावंत सबसे अमीर मंत्री हैं, जिनकी संपत्ति 218.1 करोड़ रुपये है। मंगलप्रभात लोढ़ा की संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में कमी आई है, लेकिन वे अब भी सबसे अमीर मंत्रियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। 2019 में लोढ़ा की संपत्ति 158.2 करोड़ रुपये थी, जो पांच वर्षों में 19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 140.8 करोड़ रुपये हो गई। हलफनामे के अनुसार, बढ़ते कर्ज के कारण उनकी संपत्ति में यह कमी आई।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संपत्ति में 56 प्रतिशत, जबकि अजीत पवार की संपत्ति में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

ईडी की कार्रवाई का सामना कर चुके मंत्री हसन मुश्रीफ की संपत्ति पिछले पांच वर्षों में 34 प्रतिशत बढ़ी है।

महाराष्ट्र सदन घोटाले के आरोप में जमानत पर बाहर चल रहे मंत्री छगन भुजबल की संपत्ति में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

मंत्री विजयकुमार गावित के खिलाफ पिछले चुनाव में लंबित 9 मामले अब समाप्त हो चुके हैं, जबकि उनकी कुल संपत्ति में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

मंत्री रविंद्र चव्हाण के परिवार की शुद्ध संपत्ति में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह 7.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 15.5 करोड़ रुपये हो गई, जिसमें उन्होंने 1.5 लाख रुपये कीमत का एक रिवॉल्वर भी दिखाया है।

संजय राठौड़ ने 2023 में प्रभादेवी में 13 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदा, जिसके बाद उनकी संपत्ति में वृद्धि हुई। उनकी पत्नी ने दिसंबर 2019 में नागपुर में 37,452 वर्ग फुट की व्यावसायिक संपत्ति 11 करोड़ रुपये में खरीदी। राठौड़ पर कर्ज 2.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 24.4 करोड़ रुपये हो गया।

धनंजय मुंडे ने दिसंबर 2023 में मलबार में 10 करोड़ रुपये का 2,151 वर्ग फुट का फ्लैट खरीदा। इसके अलावा, उन्होंने 2022 में पुणे में 930 वर्ग फुट का फ्लैट 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा। परिणामस्वरूप, मुंडे की पारिवारिक संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में 81 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

मंत्रियों के नाम व ओहदा – वर्ष 2019 की संपत्ति – वर्ष 2024 की संपत्ति – बढ़ोतरी प्रतिशत में (सभी आंकड़े करोड़ में)

एकनाथ शिवे – मुख्यमंत्री – 7.82 – 13 – 88.2 %

देवेंद्र फडणवीस- उपमुख्यमंत्री -8.09 -12.6 – 56.3 %

अजित पवार – उपमुख्यमंत्री -71.7 – 103.3 – 44 %

छगन भुजबल – आपूर्ति मंत्री – 26.4 – 30.9 – 17.3 %

राधाकृष्ण विखे-पाटील – राजस्व मंत्री – 24.7 – 34.1 -37.9 %

सुधीर मुनगंटीवार – वनमंत्री – 9.8 -12.4 – 26.3 %

चंद्रकांत पाटील – उच्च तंत्र शिक्षण मंत्री – 5.57 -8.72 -56.4 %

विजयकुमार गावित – आदिवासी विकास मंत्री – 25.5 – 28.6 -12.2 %

दिलीप वळसे पाटील – सहकार मंत्री -4.53 – 5.58 -23 %

हसन मुश्रीफ – वैद्यकीय शिक्षणमंत्री – 9.66- 12.9 -33.5 %

गिरीश महाजन – ग्रामविकास मंत्री -24.9 -38.2 – 53 %

धनंजय मुंडे – कृषिमंत्री – 21.1 – 48.3 – 81.3 %

गुलाबराव पाटील – जलापूर्ति व स्वच्छता मंत्री – 4.7 -8,29 – 75.4 %

दादा भुसे – एमएसआरडीसी मंत्री – 10.2 – 18.1 – 77.2 %

संजय राठोड – मृद व जलसंधारण मंत्री – 5.86 – 18.7 – 219.8 %

सुरेश खाडे – कामगार मंत्री – 4.96 – 5.44 – 9.5 %

उदय सामंत – उद्योगमंत्री – 3.07 – 3. 82 – 24.4 %

तानाजी सावंत – स्वास्थ्य मंत्री – 194.5 – 218.1 – 12.1 %

रवींद्र चव्हाण – सार्वजनिक निर्माण मंत्री – 7.11 -15.4 – 117.7 %

अब्दुल सत्तार – अल्पसंख्याक मंत्री – 19.1 – 26.8 – 40.3 %

दीपक केसरकर – शिक्षणमंत्री – 59.7 – 98.5 -64.9 %

अतुल सावे – गृहनिर्माण मंत्री – 19.9 – 33.6 – 69.2 %

शंभूराज देसाई – उत्पादन शुल्क मंत्री – 13.2 – 14.1 – 6.68 %

अनिल पाटील- मदत व पुनर्वास मंत्री – 4.9 – 7.11 – 43.2 %

संजय बनसोडे – क्रीड़ा मंत्री – 2.03 – 4.96 – 143.8 %

मंगलप्रभात लोढा- कौशल्य विकास मंत्री – 158.2 – 140.8 – (-11 % गिरावट)

अदिती तटकरे – महिला व बालकल्याण मंत्री – 0.39 – 3.41 – 771.8 %