■ सुपर लॉज में ‘रूम सर्विस’ बनकर पहुंची रामनगर की पुलिस
चंद्रपुर।
रामनगर पुलिस ने बेहद सूझबूझ और फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए शहर के सुपर लॉज से 2 ड्रग तस्करों को मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों को भनक तक न लगे, इसके लिए पुलिस टीम ने ‘रूम सर्विस’ का बहाना बनाया। जैसे ही आरोपियों ने दरवाजा खोला, पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला परिषद कार्यालय के सामने स्थित सुपर लॉज के कमरा नंबर 25 में दो युवक मेफेड्रोन (एमडी) बेचने की नीयत से ठहरे हुए हैं। सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस थाना प्रभारी प्रभावती एकुरके ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी को दी। उनके निर्देश पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले से लिखित अनुमति लेकर विशेष रेड टीम गठित की गई।
रेड के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि पुलिस की आहट पाकर आरोपी फरार न हो जाएं। ऐसे में पुलिस हवलदार आनंद खरात ने सूझबूझ दिखाते हुए होटल स्टाफ की तरह “रूम सर्विस” कहकर दरवाजा खटखटाया। आरोपियों को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और उन्होंने जैसे ही दरवाजा खोला, बाहर पहले से तैनात पुलिस टीम ने उन्हें एमडी ड्रग्स सहित दबोच लिया।
■ 68 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त
जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल गफ्फार और रोहन मुकुंदराव रोह के रूप में हुई। पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान में शामिल हैं – मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स – 22.22 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत ₹ 3,20,000 है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन – लगभग ₹ 36,000, एक लक्जरी कार – अनुमानित कीमत ₹ 7,66,700 ऐसे कुल जब्त माल की कीमत लगभग ₹ 11,22,700 आंकी गई है।
यह कार्रवाई 29 जून 2026 की देर रात को रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र में की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। बरामद 22.22 ग्राम मेफेड्रोन के अलावा दो मोबाइल फोन एवं एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
■ इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातखड़े, उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले तथा थाना प्रभारी प्रभावती एकुरके के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में अपराध खोज पथक के शिवाजी नागवे, हनुमान उगले, कृष्णा दराडे, आनंद खरात, शरद कुडे, जितेंद्र आकरे, राम नैताम, बाबा नैताम, प्रकाश बल्की, पंकज पोंडे, प्रकाश मडावी, संदीप गेडाम, प्रफुल पप्पुलवार, सुरेश कोरवार, पंकज ठोंबरे, रविकुमार, मनीषा मोरे और ब्यूटी साखरे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडी ड्रग्स की आपूर्ति कहां से हुई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं ?










