Home क्राईम चंद्रपुर : क्रिकेट सट्‌टे पर SP सुदर्शन सख्त

चंद्रपुर : क्रिकेट सट्‌टे पर SP सुदर्शन सख्त

28

■ क्रिकेट के बुकियों ने नागपुर से चंद्रपुर तक बिछाया जाल, LCB उधेड़ रही NICE का नेटवर्क

चंद्रपुर.
जिले में क्रिकेट सट्टेबाजी के बढ़ते जाल पर जिला पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई शुरू की है। नागपुर से लेकर चंद्रपुर तक फैले ऑनलाइन और ऑफलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क की परतें स्थानीय अपराध शाखा (LCB) उधेड़ रही है। खासकर नाइस नामक नेटवर्क इस बार निशाने पर है। एक फार्म हाउस पर चल रहे हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे से लेकर मोबाइल के जरिए संचालित ‘नाइस 7777’ ऑनलाइन बेटिंग आईडी तक, पुलिस ने अंतरराज्यीय कनेक्शन का खुलासा किया है। चंद्रपुर के युवाओं को इस बुरी लत से बचाने के लिए पुलिस का यह सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन के इस पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है।
चंद्रपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में क्रिकेट सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैल रहा था। इसी पार्श्वभूमि में स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने दो बड़ी कार्रवाई कर क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

■ फार्म हाउस को बनाया हाईप्रोफाइल अड्डा
गत 18 फरवरी 2026 को शहर से सटे साखरवाही स्थित गुरुबाजसिंह गोतरा के फार्म हाउस पर ताश पत्ते के खेल पर लाखों की बाजी लगने की गोपनीय सूचना पुलिस को मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापा मारा। जहां 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 लाख 73 हजार 200 रुपये की सामग्री जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप दिनकर गंगमवार (50) का नाम प्रमुख है, जो जिले का बड़ा क्रिकेट बुकी बताया जा रहा है और जिसके तार गोवा सहित अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हैं। उसके खिलाफ पूर्व में भी क्रिकेट सट्टा और मारपीट के गंभीर मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों में जीवन जगदीश सोनी (मुंबई), गुरुबाजसिंह रंजितसिंह गोतरा, बबलू शेख, पाशा ताजमेहर शेख, सुमीत निखाडे, सुनील हांडे, रंजित कांबळे, राजू गोवर्धन, संजय गावंडे, जीवन हांडे, पुरनचंद बुटन और अतिश पाटील शामिल हैं। सभी के खिलाफ पडोली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

■ ‘नाइस 7777’ पर मैच का ऑनलाइन सट्टा
टी-20 वर्ल्ड कप के भारत विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा स्वीकार करने वाले सय्यद हारिश उर्फ बिट्टू मुकद्दर अली (30,रहमतनगर) को भी एलसीबी ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके मोबाइल में ‘नाइस 7777’ नामक ऑनलाइन आईडी के जरिए सट्टा संचालित किया जा रहा था। आरोपी ने कबूल किया कि यह आईडी इरफान कुरेशी (हवेली गार्डन, चंद्रपुर) के माध्यम से नागपुर निवासी अफजल शेख से प्राप्त की गई थी। इससे नागपुर कनेक्शन और बड़े नेटवर्क की पुष्टि हुई है।

■ क्या है ‘क्रिकेट सट्टा नाइस’?
“क्रिकेट सट्टा नाइस” या इसी तरह के नाम से संचालित प्लेटफॉर्म ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग का अवैध माध्यम हैं। इनमें मैच शुरू होने से पहले और लाइव मैच के दौरान रन, ओवर, खिलाड़ी के प्रदर्शन और मैच परिणाम पर दांव लगाया जाता है।

सट्टेबाज मैच की स्थिति के अनुसार “भाव” (Odds) तय करते हैं।
जीतने पर तय रकम मिलती है, हारने पर पूरी रकम डूब जाती है।
व्हॉट्सऐप ग्रुप, विशेष ऐप्स (जैसे 4rabet, 1xBet आदि) या वेबसाइटों के माध्यम से नेटवर्क चलाया जाता है।
कई मामलों में लालच देकर लोगों को फंसाया जाता है और बाद में धोखाधड़ी की जाती है।
भारत में ऑनलाइन सट्टेबाजी गैरकानूनी है और इसमें आर्थिक नुकसान के साथ कानूनी कार्रवाई का भी बड़ा जोखिम है।

■ SP की विशेष मुहिम
पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन के निर्देश पर जिले में सट्टा और जुआ विरोधी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे के मार्गदर्शन तथा एलसीबी के पुलिस निरीक्षक अमोल काचोरे के नेतृत्व में पीएसआई विनोद भुरले, सुनील गौरकार, सुभाष गोहोकार, सतीश अवथरे, दीपक डोंगरे, इम्रान खान, हिरालाल गुप्ता, किशोर वाकाटे, शशांक बदामवार सहित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस अब ‘नाइस’ नेटवर्क के मुख्य सूत्रधारों की तलाश में जुटी है और नागपुर से जुड़े डिजिटल एवं वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।

■ चेतावनी :
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन या ऑफलाइन सट्टेबाजी ऐप, वेबसाइट या बुकियों के संपर्क में न आएं। ऐसे अवैध नेटवर्क से दूर रहना ही समझदारी है।

error: Content is protected !!