बेलगाम चंद्रपुर के अपराधों पर क्या करेंगे IG भूजबल ?

31

 

विधानसभा में उठे सवालों पर IG का चंद्रपुर दौरा अब चर्चा में

चंद्रपुर : ज्ञात हो कि वर्ष 2024 गंभीर अपराधों, गोलीबारी, हत्याओं के साथ चंद्रपुर जिले की जनता को झकझोर गया। इसके बाद वर्ष 2025 में भी जिले में अनगिनत गंभीर स्वरूप के अपराधों ने दहला दिया। समय-समय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कानून व सुव्यवस्था के मुद्दों पर अनेक बार ऐतराज जताया। इसके बावजूद भी हालात नहीं सुधरे। हाल ही में चंद्रपुर के विधायक किशोर जोरगेवार ने कड़ा रुख अपनाते हुए विधानसभा के सदन में कानून व सुव्यवस्था का मुद्दा उछालकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और नाकामी को बेनकाब कर दिया। एक पुलिस सिपाही की हत्या के मामले का हवाला देते हुए उन्होंने चंद्रपुर जिले की बिगड़ती कानूनी व्यवस्था को पोल खोल दी। सदन में अपने ही सरकार और अपने ही गृह मंत्रालय को कटघरे में खड़ा करने के बाद आज चंद्रपुर में विशेष पुलिस महानिरीक्षक डीके पाटील भूजबल का दौरा जारी है। इस दौरे को लेकर जनता में उत्सुकता है। क्या यह दौरा जिले में शांति और सुव्यवस्था को कायम करने के लिए कोई ठोस नतीजे और रणनीतियों पर अमल कर पाएगी, यह सवाल आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

अवैध धंधों और अपराधों के बीच गहरा कनेक्शन

यह बात किसी से छिपी नहीं है कि चंद्रपुर जिले और खासकर चंद्रपुर शहर में अनेक अवैध धंधे धड़ल्ले से चल रहे हैं। लोकल क्राइम ब्रांच को हर मामूली बात की जानकारी होती है। इनका खूफिया तंत्र इतना मजबूत होता है कि किसी भी बड़े अपराध के घटित होने के बाद यह तुरंत ही आरोपियों के गिरेबान तक पहुंच जाते हैं। लेकिन हैरत की बात तो यह है कि LCB और पुलिस के मजबूत खूफिया तंत्र के बावजूद धड़ल्ले से अवैध व्यवसाय क्यों और कैसे फल-फूल रहे हैं ? इसके पीछे कौनसा आर्थिक तंत्र काम कर रहा है। LCB और पुलिस प्रशासन को अवैध व्यवसायों पर लगाम कसने के लिए आखिर कौन रोक रहा है ? क्या यह सब मिलीभगत के चलते हो रहा है ? क्या किसी भ्रष्ट अफसरों का संरक्षण अवैध व्यवसायों को पनाह दे रही है ? ऐसे तमाम सवालों के जवाब सजग जनता जानती है, लेकिन पुलिस प्रशासन के आला अफसरों को अपनी खूली आंखों से यह सब दिखाई क्यों नहीं दे रहा है ? यही सवाल आम जनता के लिये अब चिंता का विषय बन गया है। महत्वपूवर्ण बात तो यह है कि इन अवैध धंधों से माफिया राज पनपने लगा है। न केवल माफियाओं का उदय हो रहा है बल्कि इन अवैध व्यवसायों से मिलने वाला काला धन वारदातों को जन्म देने लगा है। इस धन का उपयोग, गैरकानूनी कृत्यों और गंभीर प्रकार के वारदातों को अंजाम देने के लिए किये जाने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में IG भूजबल अपने चंद्रपुर के दौरे के दौरान क्या LCB और पुलिस प्रशासन के बंद पड़े कानों को खोल पाएंगे ? क्या IG चंद्रपुर जिले की कानून व व्यवस्था को ठीक करने के लिए कोई ठोस कदम उठा पाएंगे ? या यूं ही हत्या और सूपारी देकर वारदातों को अंजाम देने वाले माफिया अपने अवैध धंधे आराम से चलाते रहेंगे ? इन्हें तड़ीपार करने की नीतियों पर IG भूजबल का क्या रूख होगा ? विधायक किशोर जोरगेवार के सदन में उठाये गये मुद्दों को चंद दिनों में भूला देने का इंतजार पुलिस प्रशासन और जनता कब तक करती रहेगी ? क्या जनता को शांतिपूर्ण चंद्रपुर का माहौल मिलना अब दूर की कौड़ी साबित होगी ?