महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखें घोषित, 23 नवंबर को रिजल्ट

18

झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। झारखंड में पहले चरण में 13 नवंबर और दूसरे चरण के तहत 20 नवंबर को मतदान किए जाएंगे। वहीं 23 नवंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे। महाराष्ट्र में एक ही चरण में चुनाव होंगे। 20 नवंबर को मतदान और 23 को नतीजे आएंगे।

हरियाणा और जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब देश के दो राज्यों झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव के तारीखों की घोषणा हो गई है। झारखंड में दो चरणों में मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहले चरण में 13 नवंबर और दूसरे चरण के तहत 20 नवंबर को मतदान किए जाएंगे। वहीं 23 नवंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे। वहीं महाराष्ट्र में एक ही चरण में चुनाव होंगे। 20 नवंबर को मतदान और 23 को रिजल्ट आएगा। गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। वहीं झारखंड की बात की जाए तो वहां 5 जनवरी 2025 को सदन का कार्यकाल खत्म होगा। इससे पहले अगले महीने के अंत तक मतदान की प्रक्रिया खत्म होने के आसार हैं।

महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है जिसमें शिवसेना भाजपा और एनसीपी अजीत पवार गुट शामिल है। वहीं झारखंड में महागठबंधन यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली सरकार है जिसमें कांग्रेस राजद और वाम दल भी शामिल हैं। इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं।

महाराष्ट्र चुनाव

महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होने वाला है। महाराष्ट्र में पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल किया, लेकिन आंतरिक संघर्ष के कारण शिवसेना ने गठबंधन छोड़ दिया था। इसके बाद शिव सेना ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के साथ एक नया गठबंधन महाविकास अघाड़ी बनाया। महा विकास अघाड़ी ने शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के साथ राज्य सरकार बनाई थी।

लेकिन 2022 के महाराष्ट्र राजनीतिक संकट के बाद शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के 40 विधायकों के साथ मिलकर भाजपा के साथ सरकार बनाई और राज्य के नए मुख्यमंत्री बने। 2023 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का अजीत पवार गुट भी सरकार में शामिल हो गया।