Home Breaking News भद्रावती में नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, आरोपी गिरफ्तार

भद्रावती में नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, आरोपी गिरफ्तार

58

 

चंद्रपुर: भद्रावती शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि एक 30 वर्षीय शख्स सलीम मुलखा सैय्यद है, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

घटना शुक्रवार, 13 जून की दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच की है। जानकारी के अनुसार, जुना सुमठाणा का रहने वाला आरोपी सलीम सैय्यद पीड़िता के घर पहुंचा और उससे झूठ बोलकर कहा, “तुम्हारी मां ने तुम्हें मेरे घर बुलाया है।” मासूम बच्ची उसके झांसे में आ गई और उसके साथ चली गई। सलीम ने उसे अपने घर ले जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत पर तुरंत हरकत में आई पुलिस

इस अमानवीय कृत्य के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। बच्ची की मां ने तुरंत भद्रावती पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की और उसी रात 9 बजे आरोपी सलीम को हथकड़ी पहना दी। शनिवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

SDPO कर रही हैं मामले की गहन जांच

इस मामले की जांच वरोरा की उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) नयोमी साटम के नेतृत्व में चल रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी इस बात का पता लगा रही हैं कि क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह के अपराध को अंजाम दिया है।

शहर में आक्रोश की लहर

इस घटना के बाद भद्रावती और आसपास के इलाकों में गुस्से का माहौल है। लोग इस जघन्य अपराध के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में जल्द से जल्द न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि अपराधी कितने शातिराना तरीके से मासूमों को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

error: Content is protected !!