■ पुलिस को पब्लिक फ्रेंडली बनाने पर फोकस
चंद्रपुर.
बीते कुछ दिनों से चंद्रपुर शहर पुलिस थाने के अधिन काम करने वाले DB स्क्वॉड के विरोध में कथित तौर पर अनेक शिकायतें मिल रही थी। जनता में बढ़ती नाराजगी को तुरंत भांपते हुए इस विभाग में हो रही गड़बड़ियों पर विराम लगाना बेहद जरूरी बन गया था। भले ही प्रशासन इसे रुटिन तबादला व नियुक्तियों की संज्ञा देता हो, लेकिन यह स्थानीय जिला पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन का मास्टरस्ट्रोक ही कहा जाएगा। क्योंकि गत सप्ताह अवैध तंबाकू के खिलाफ हुई कार्रवाई में संदिग्धता, हथियार जब्ती व कुछ मामलों में पक्षपाती व संदेहास्पद कार्रवाई की बू आने लगी थी। एेसे में अपनी अधिनस्त टीम को दुरुस्त करने की पहल करते हुए SP सुदर्शन ने अब चंद्रपुर DB स्क्वॉड के मुखिया का पद API राजेंद्र सोनवने को दे दिया गया है। इसके चलते अब तक DB स्क्वॉड के मुखिया पद पर विराजमान रहे PSI संदीप बच्छिरे के पर कतर दिये जाने की चर्चा आम है। यह बदलाव इसलिए संभव हो पाया, क्योंकि तीन दिन पहले ही ‘चंद्रपुर की बुलंद आवाज’ ने DB स्क्वॉड की कार्यप्रणाली को लेकर अनेक सवाल उठाये थे। इस पर तत्काल दखल लेते हुए SP सुदर्शन ने यह मास्टरस्ट्रोक लगाकर गड़बड़ियों पर विराम लगा दिया है।
ज्ञात हो कि गत शुक्रवार को ‘चंद्रपुर की बुलंद आवाज’ डिजिटल मीडिया और अखबार ने ‘5000 दुकानों में बिक रहा अवैध तंबाकू और DB को मिला सिर्फ एक दुकानदार ! ’ इस शिर्षक तले एक समाचार प्रकाशित कर चंद्रपुर शहर पुलिस थाने के DB स्क्वॉड में चल रही कथित गड़बड़ीयुक्त कार्यप्रणाली को उजागर करते हुए अनेक सवालों को जनता के समक्ष पेश किया था। इसके बाद समूचे थाने में खलबली मच गई। प्रशासन सहम गया। चर्चा है कि अपने आपको पाकसाफ साबित करने की कोशिश में कुछ पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने पुन: गड़बड़ी कर दी। इन गड़बड़ियों को लेकर कुछ नागरिकों ने सीधे जिला पुलिस अधीक्षक मुमक्का सुदर्शन से शिकायत कर दी। इसके पूर्व भी संबंधित चंद्रपुर शहर पुलिस थाने के DB स्क्वॉड के काम को लेकर काफी शिकायतें मिल रही थी।
सूत्र बताते है कि एक प्रकरण में तो 3 लाख रुपयों की डील की भनक लगते ही थाने के ही एक अधिकारी ने इस डील को रद्द कराने पर मजबूर कर दिया। कहा जा रहा है अवैध तंबाकू प्रकरण में दर्ज एक आरोपी स्वयं जब थाने पहुंचा तो सीसीटीवी के कैमरों में कैद हो गया। इस आरोपी को गिरफ्तारी से छुटकारा देने अर्थात फरार होने का मौका देने के लिए एक अधिकारी ने थाने में ही 3 लाख रुपयों की डील कर ली। उस अधिकारी को राशि पहुंचा दी गई। और आरोपी को पीछे के दरवाजे से फरार होने में मदद की गई। परंतु इस फिरौती वाले प्रकरण की भनक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को लग गई। एक महिला पुलिस अधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल उस पुलिस अधिकारी को फटकार लगाते हुए आरोपी से लिये गये 3 लाख रुपयों को लौटाने के लिए मजबूर कर दिया। यदि इस मामले की गहन जांच हो जाएं और चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन का सीसीटीवी फूटेज चेक किया जाएं तो इस प्रकरण का सच सामने आ जाएगा।
बहरहाल इस बीच मीडिया में आयी गड़बड़ी की खबरों के चलते यह DB स्क्वॉड विवादों से घिर गया। इसके कारण पुलिस की छवि खराब होने लगी। जनता सवाल उठाने लगी। इन सभी हालातों और मिल रही शिकायतों को देखते हुए SP सुदर्शन ने तत्काल फैसला लेते हुए अब तक DB स्क्वॉड के मुखिया पद पर विराजमान रहे PSI संदीप बच्छिरे के पर कतरते हुए उनके सिर पर एक मुखिया बिठाया दिया। अब चंद्रपुर DB स्क्वॉड के मुखिया का पद API राजेंद्र सोनवने को दिया जा चुका है। उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के कारण उन्हें अपनी ही टीम पर पैनी नजर रखने की एक अतिरिक्त मेहनत को अंजाम देना पड़ेगा। कहा तो यह भी जा रहा है कि एक सप्ताह के भितर इस DB स्क्वॉड के कुछ अन्य अधिकारी और कर्मचारियों को यहां से हटाने अर्थात तबादला करने के संकेत दिये गये हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि DB स्क्वॉड पहले जैसा ही चुस्त, दुरुस्त होता है या पुन: गड़बड़ियों के खेल में खुद के हाथ गंदे कर लेता है ?