चंद्रपुर:
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPCB) चंद्रपुर की अनदेखी के चलते शहर से सटे पड़ोली-नगाला इलाके में मौजूद अधिकांश अवैध कोल डिपो के चलते प्रदूषण में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर ‘चंद्रपुर की बुलंद आवाज’ अखबार और डिजिटल मीडिया के माध्यम से लगातार जनता की दिक्कतों को पेश किया गया। इस संदर्भ में जब हमारे प्रतिनिधि ने (MPCB) के आला अधिकारियों से बात की तो उन्होंने किसी शिकायत की प्रतीक्षा जताई। इसके बाद कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष रितेश (रामू) तिवारी ने चंद्रपुर के अवैध कोल डिपो की मंत्रालय स्तर तक शिकायत कर दी। साथ ही अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ MPCB चंद्रपुर के क्षेत्रीय अधिकारी तानाजी यादव से भेंट कर तत्काल कार्रवाई करने के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान तानाजी यादव ने अवैध कोल डिपो के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाते हुए जांच प्रारंभ करने की सूचना अपने अधिनस्त अधिकारियों को दिया।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों ‘चंद्रपुर की बुलंद आवाज’ अखबार ने चंद्रपुर-पड़ोली परिसर में चल रहे अवैध कोल डिपो के कारनामों का कच्चा चिठ्ठा जनता के सामने रखा। यहां के अधिकांश कोल डिपो दिन-दहाड़े पे-लोडर लगाकर कोयले को खुले आसमान में उछाल रहे हैं। हवा में धूल उड़ा रहे हैं। छननी करने और प्रदूषण फैलाने की तस्वीरें भी जारी किये गये। MPCB की मिलीभगत पर अनेक सवाल उठाएं गये। कोयले की काली कमाई, मलाई लूटने की कुनीति को लेकर लगातर अनेक प्रश्न उठाएं गये। बरसों से अवैध कोल डिपो प्रदूषण फैला रहे हैं। इसके बावजूद MPCB की ओर से इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मसले को लेकर कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रितेश तिवारी ने संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों समेत मंत्रालय स्तर पर शिकायत कर दी। साथ ही गत मंगलवार को अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ स्थानीय MPCB कार्यालय में जाकर क्षेत्रीय अधिकारी तानाजी यादव से भेंट की। इस समय इस गंभीर मुद्दे को लेकर विस्तार से उनके साथ चर्चा की गई। साथ ही जिला प्रशासन के आला अफसरों से भेंट कर उन्हें भी शिकायत दी गई। इस समय हुई चर्चा में MPCB के अधिकारी यादव ने भरोसा दिलाया कि वे शीघ्र ही इस मसले पर सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की पहल करेंगे। इसकी प्राथमिक जांच एवं कार्रवाई के लिए उन्होंने अपने अधिनस्त अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम को उपयुक्त निर्देश दिये हैं। जांच-पडताल और सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इस मसले पर कोई ठोस कार्रवाई होने की उम्मीद अब जताई जा रही है।
बहरहाल कांग्रेस के शहर कमेटी की ओर से प्रशासन के अधिकारियों से भेंट करने गये प्रतिनिधिमंडल में शहर जिलाध्यक्ष रितेश तिवारी के साथ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।