- अगल-बगल की फैक्ट्री भी आग की चपेट में,हुआ लाखों का नुकसान
चंद्रपुर: MIDC स्थित लकी पेट्रोलियम रिसाइकिल तेल निर्माण फैक्ट्री में दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। इसमें लाखों रुपए का तेल जल गया। इस आग की लपटें बगल में स्थित मिनरल वाटर निर्माण फैक्ट्री, बदाकी इंडस्ट्रीज तक पहुंच गयीं। इससे बदाकी इंडस्ट्रीज को भी लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। दोनों फैक्ट्री में आग से काफी सामान जलकर खाक हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कर्मचारियों और मजदूरों को फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया गया था जिससे कोई जान का नुकसान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी अनुसार कंपनी इस्तेमाल किए हुए तेल को नए तेल में परिवर्तित करती है और उसे खुले बाजार में बेचती है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कंपनी में अचानक आग लग गई। इस आग की लपटें तपती धूप में जलने लगीं। लकी पेट्रोलियम कंपनी के पास ख़राब तेल के ड्रम थे। ड्रम में आग लगने से यह घटना घटी। आग की लपटें और धुआं आसमान में दूर तक देखा जा सकता था। आग लगने वाली जगह पर बड़ी मात्रा में खराब तेल से भरे हुए ड्रम का भण्डार,लकड़ियाँ और रद्दी कागज़ के बंडल होने से आग बहुत अच्छी तरह फैल गयी। आग ने आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। बगल में ही बदकी इंडस्ट्रीज एक मिनरल वाटर निर्माण कंपनी है। आग की लपटों ने इस कंपनी को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे बदकी इंडस्ट्रीज को भी लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटनास्थल पर ये पता नहीं चला है कि आग किस कारण से लगी थी। आग की सूचना मिलने पर चंद्रपुर नगर निगम, घुग्घुस और एमआईडीसी से दमकल गाड़ियों को बुलाया गया और आग पर काबू पा लिया गया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री निदेशक गुजरात में रहता है। यह फैक्ट्री मैनेजर और मजदूरों के भरोसे चलती थी। ऐसी जानकारी पडोली थाने के थानेदार योगेश हिवसे द्वारा दी गई है।