चंद्रपुर: गांव में घुसे तेंदुए ने मचाया उत्पात, 5 लोग घायल   8 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया तेंदुआ

45

 

चंद्रपुर : चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तहसील के धूमनखेड़ा गांव में एक तेंदुआ घुस आया। तेंदुए के आने से काफी हलचल मच गई। तेंदुए के हमले में अब तक पांच ग्रामीण और एक वन विभाग का कर्मचारी घायल हो चुके हैं।

प्राप्त जानकारी अनुसार तेंदुए ने आते हुए खेत में काम कर रही एक महिला पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ गांव में घुस आया और आंगन में काम कर रही एक महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को बचाने दौड़े दो लोगों को भी तेंदुए ने घायल कर दिया। हमले में दोनों महिला गंभीर घायल हो गईं हैं।

गांव में घुसा तेंदुआ एक गौशाला में भी घुस गया और वहां छिप गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और तेंदुए को पकड़ने के लिए गौशाला पर जाल लगाया। लेकिन जब जाल लगाया जा रहा था, तभी तेंदुआ अचानक बाहर आया और वनकर्मी नितेश सहारे पर हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

अंततः गौशाला को टिन की चादरों से ढक दिया गया और तेंदुए को इंजेक्शन देकर काफी मेहनत के बाद पकड़ लिया गया। सभी घायलों को नवारगांव प्राथमिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए सिंदेवाही ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल ग्रामीणों के नाम सुषमा बंसोड़, देवानंद बंसोड़, चंद्रभान बंसोड़, जयश्री बंसोड़ और रवि शेंडे हैं। आठ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया गया है। तेंदुए को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।