चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना,13 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में आचार संहिता!  

24

विधानसभा चुनाव समय पर ही होंगे,हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिए संकेत  

मुंबई – महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लगभग शुरू हो चुका है। अगले कुछ दिनों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है। हरियाणा, जम्मू-कश्मीर चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इन दोनों राज्यों का चुनाव कार्यक्रम 10 अक्टूबर को खत्म हो जाएगा। नियमानुसार जब तक एक चुनाव का कार्यक्रम समाप्त नहीं हो जाता तब तक दूसरे चुनाव की घोषणा नहीं की जाती। इसलिए कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में 13 अक्टूबर के बाद विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।

महाराष्ट्र में नई विधानसभा 26 नवंबर 2024 को अस्तित्व में आनी चाहिए लेकिन उससे पहले चुनाव के लिए वोट करना और नतीजे आना जरूरी है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के 45 दिन बाद नई विधानसभा का गठन करना होता है। अगर नवंबर के दूसरे सप्ताह में चुनाव कराने का फैसला हुआ तो 13 से 16 अक्टूबर तक आदर्श आचार संहिता लागू करनी पड़ेगी। तभी 45 दिन बाद राज्य में नई सरकार आ सकती है।

चुनाव आयोग ने तैयारियों का लिया जायज़ा 

कुछ दिन पहले चुनाव आयोग की टीम ने दो दिनों के लिए मुंबई का दौरा किया था। इस दौरे के दौरान उन्होंने राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। आयोग ने राज्य सरकार को उन अधिकारियों का तबादला करने का निर्देश दिया था जो तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर काम कर रहे हैं। राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को इसकी पूर्ति का प्रमाणपत्र चुनाव आयोग को सौंपना होगा। ये बदलाव नहीं किए गए और आयोग के निर्देशों की अनदेखी की गई। चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से लिया है। कुछ अधिकारी अपने गृह जिले में पदस्थापित हैं। जहां वे निवासी हैं।

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा है कि राज्य सरकार ने चुनाव अवधि के दौरान ऐसे अधिकारियों को उस जिले से बाहर स्थानांतरित करने के आयोग के निर्देशों की अनदेखी की गई है।

26 नवंबर तक बनेगी नई सरकार- चुनाव आयोग

हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने संकेत दिया था कि विधानसभा चुनाव समय पर ही होंगे। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, उससे पहले चुनाव होंगे। शिंदे सेना और अजित पवार गुट की मांग है कि विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराए जाएं। लेकिन राजीव कुमार ने कहा कि हम जल्द ही बताएंगे कि चुनाव कितने चरणों में होगा।